भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी के काफिले पर आज कानपुर के नरवना चैक पर कुछ कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कूड़ा, अंडे, टमाटर और कालिख फेंकी और उसे रोकने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने हल्का लाठी चार्ज कर सभी कार्यकर्ताओं को वहां से भगा दिया। पुलिस की कार्रवाई में कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मामूली चोटें आयीं। भाजपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि आज सुबह करीब 11 बजे स्वामी का काफिला सर्किट हाउस से एसडी कॉलेज की ओर जा रहा था जहां स्वामी को वैश्विक आंतकवाद पर एक संगोष्ठी को संबोधित करना था। उन्होंने बताया कि काफिले के नरवना चैक पर पहुंचते ही कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने उसपर कूड़ा, अंडे, टमाटर और कालिख फेंकनी शुरू कर दी। मैथानी ने आरोप लगाया कि स्वामी के कार्यक्रम के बारे में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को पहले से सूचना दे दी गयी थी, इसके बावजूद पुलिस ने उनकी सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं किया।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।