ईरानी के आवास पर एनएसयूआई का प्रदर्शन
(India)

कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी के आवास के बाहर प्रदर्शन करके उनके विरुद्ध नारे लगाए और पुतला फूंका। प्रदर्शन कर ईरानी के घर की तरफ जाने का प्रयास कर रहे छात्रों को पुलिस ने जबरन रोक दिया। उत्तेजित छात्रों ने पुलिस प्रशासन, सरकार और श्रीमती ईरानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने उग्र छात्रों को हिरासत में लेकर संसद मार्ग थाना ले जाकर छोड दिया। इससे पहले प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एनएसयूआई के अध्यक्ष रोजी एम जॉन ने बताया कि ईरानी ने संसद में हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमुला की आत्महत्या के मामले में गलत बयानी की है और झूठ बोलकर पूरे देश को धोखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में देश की संसद में असत्य बोलकर ईरानी ने संसद और संविधान की अवमानना की है। उन्होंने कहा कि मानव संसाधन विकास मंत्री को इसके लिए देश की जनता से क्षमा मांगनी चाहिए। उनका कहना था कि कांग्रेस संसद के भीतर और एनएसयूआई संसद के बाहर ईरानी का विरोध जारी रखेगा।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।