कन्हैया कुमार सहित आठ छात्रों का शैक्षणिक निलंबन वापस
(India)
जेएनयू प्रशासन ने बीते नौ फरवरी को विश्वविद्यालय परिसर में अफजल गुरू की फांसी के विरोध में आयोजित एक विवादित कार्यक्रम के सिलसिले में निलंबित किए गए जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया कुमार सहित आठ छात्रों का शैक्षणिक निलंबन वापस ले लिया। मामले की जांच के लिए गठित विश्वविद्यालय की एक उच्च-स्तरीय समिति द्वारा जेएनयू के अधिकारियों को अपनी रिपोर्ट सौंपने के बाद निलंबन वापस लेने का फैसला किया गया। बहरहाल, विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि निलंबन करने का मतलब यह नहीं है कि उसने छात्रों को क्लीन चिट दे दी है। प्रशासन ने कहा कि कुलपति एम जगदीश कुमार की ओर से रिपोर्ट के परीक्षण के बाद ही इस बाबत अंतिम फैसला किया जाएगा। संसद पर हमले के दोषी अफजल की फांसी के विरोध में नौ फरवरी को आयोजित विवादित कार्यक्रम के एक दिन बाद यानी 10 फरवरी को विश्वविद्यालय प्रशासन ने उच्च-स्तरीय समिति गठित कर उसे मामले की जांच करने के लिए कहा था। विश्वविद्यालय ने 12 फरवरी को आठ छात्रों को निलंबित कर दिया था । समिति की शुरूआती रिपोर्ट के आधार पर विश्वविद्यालय ने आठ छात्रों को शैक्षणिक गतिविधियों में हिस्सा लेने से रोक दिया था जबकि उन्हें जांच पूरी होने तक छात्रावास में अतिथि के तौर पर रहने की इजाजत दे दी थी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।