कन्हैया सहित पांच छात्रों को जेएनयू से निकालने की सिफारिश
(India)



जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में नौ फरवरी को आतंकी अफजल गुरु की बरसी पर आयोजित कार्यक्रम के लिए उच्चस्तरीय जांच समिति ने छात्रसंघ अध्यक्ष कन्हैया समेत 21 छात्रों को दोषी माना है। साथ ही कन्हैया, उमर खालिद, अनिर्बान और दो अन्य छात्रों को निकालने की सिफारिश की है। जांच समिति ने सभी को कारण बताओ नोटिस जारी कर 16 मार्च तक जवाब मांगा है। समिति ने शुक्रवार को अपनी रिपोर्ट विश्वविद्यालय के कुलपति एम. जगदेश कुमार को सौंपी थी। पांच सदस्यीय समिति ने अपनी अनुशंसा जेएनयू के अनुशासन और सही व्यवहार से संबंधित नियमों के आधार पर की है। कमेटी की अनुशंसा के बारे में विश्वविद्यालय के कुलपति ने डीन कमेटी को अवगत करा दिया है। चीफ प्रोक्टर आगे की कार्रवाई करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, जिन 21 छात्रों को दोषी माना है उनमें छात्र संघ अध्यक्ष कन्हैया कुमार, संयुक्त सचिव सौरभ शर्मा, उमर खालिद और अनिर्बान भट्टाचार्य शामिल हैं। इस पर एबीवीपी के सौरभ शर्मा ने कहा, मैं समिति के निर्णय का स्वागत करता हूं और जेएनयू प्रशासन से मांग करता हूं कि जांच रिपोर्ट को लोगों के सामने रखा जाए।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।