बढ़ सकती हैं स्मृति ईरानी की मुश्किलें
(India)

केन्द्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री स्मृति ईरानी की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अदालत ने ईरानी के शिक्षा संबंधी मामले में चुनाव आयोग(ईसी) और दिल्ली विश्वविद्यालय(डीयू) को नोटिस जारी किया है। अदालत ने ईसी से उन सभी हलफनामों को पेश करने को कहा है कि जो कि ईरानी द्वारा अब तक अलग-अलग चुनावों के दौरान दिए गए हैं। वहीं, डीयू से ईरानी के शिक्षा संबंधी दस्तावेज तलब किए गए हैं। पटियाला हाउस स्थित मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट हरविंदर सिंह की अदालत ने कहा कि पिछले आदेश के अनुरूप, आयोग और विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि सभी दस्तावेज लेकर नहीं आए और इस मामले में कुछ अतिरिक्त कागजातों की जरूरत है। अदालत ने अब आगे की कार्यवाही के लिए तीन मई की तारीख तय की है और अधिकारियों से उस दिन सभी दस्तावेज लेकर आने को कहा। अदालत ने पिछले साल 20 नवंबर को शिकायतकर्ता का यह अनुरोध स्वीकार किया था कि ईसी और डीयू को स्मृति की शैक्षणिक योग्यता के रिकार्ड लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया जाए। ज्ञात रहे कि स्मृति ईरानी के चुनाव आयोग में अलग-अलग शैक्षणिक जानकारी देने संबंधी दस्तावेजों का आरोप लगाते हुए अदालत में याचिका दायर की गई है। जिस पर अदालत में सुनवाई जारी है। आरोप है कि स्मृति ने अलग-अलग समय हुए चुनावों में अपनी शैक्षणिक योग्यता को लेकर विरोधाभाषी जानकारी दी हैं। याचिकाकर्ता द्वारा अदालत से इन दस्तावेजों की जांच की मांग की गई है। अदालत ने इसी याचिका पर विचार करते हुए दस्तावेजों को पेश करने को कहा गया है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।