(India)
भाजपा के 26 और कांग्रेस के 9 बागी विधायक दिल्ली में आज करीब दस बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से मुलाकात करेंगे। ये विधायक दिल्ली के लीला पैलेस होटल में ठहरे हैं। इनके साथ भाजपा के कुछ बडे नेता भी हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार शाम को इन विधायकों की अध्यक्ष अमित शाह के साथ राष्ट्रपति से मिलने की संभावना है। शुक्रवार को उत्तराखंड विधानसभा में बजट सत्र के दौरान कांग्रेस के नौ विधायकों ने हरीश रावत सरकार के साथ बगावत कर दी थी। संकट में फंसे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दावा किया है कि उनके पास पूर्ण बहुमत है। साथ ही उन्होंने बागी कांग्रेसी विधायकों को अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। रावत ने कहा, हमारे पास पूर्ण बहुमत है। हमारे सभी सदस्य हमारे साथ हैं। हमारी सरकार के अल्पमत में आने के लिए जो संख्या बतायी जा रही है वह पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस के कुछ विधायकों को भाजपा द्वारा बहकाया जाता है तो पार्टी इसका संज्ञान लेगी और ऐसे मामलों में पार्टी के भीतर जो कार्रवाई की जाती है, वह की जाएगी। रावत ने कहा कि पार्टी पता लगाएगी कि बागी कांग्रेसी विधायक कौन हैं। अभी तक केवल एक चेहरा ही सामने आया है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।