RSS : स्वयंसेवकों का एक अनूठा शिविर गुरुवार से जयपुर के केशव विद्यापीठ में शुरू ...
(Jaipur, Jaipur) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पथ संचलनों में संगीत की मधुर स्वरलहरियां बिखरेने वाले घोष वादक स्वयंसेवकों का एक अनूठा शिविर गुरुवार से जयपुर के केशव विद्यापीठ में शुरू हुआ। शिविर पांच नवंबर तक चलेगा और इसका समापन घोष वादकों के पथ संचलन और प्रस्तुतियों से होगा। समापन समारोह में आने के लिए एक लाख परिवारों से संपर्क किया गया है। शिविर में संघ प्रमुख मोहन भागवत भी मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि भागवत स्वयं बहुत अच्छे घोष वादक रहे हैं। राजस्थान में यह सिर्फ जयपुर प्रांत का घोष शिविर है, लेकिन पहली बार इतने बड़े पैमाने पर शिविर आयोजित हो रहा है। इसमें जयपुर प्रांत में आने वाले 11 जिलों के करीब 1500 घोष वादक स्वयंसेवक शामिल होंगे। जयपुर के आराध्य देव गोविंद देवजी के नाम पर शिविर का नाम स्वरगोविंदम रखा गया है। शिविर के अंतिम दिन पांच नवंबर को घोष वादकों का पथ संचलन होगा और संघ प्रमुख संबोधित करेंगे।

राजस्थानी थीम पर आधारित इस घोष शिविर को घोष गांव के रूप में सजाया गया है। इसमें व्यवस्थाओं के स्थल को ठिकाणा गोविंद देव नाम दिया गया है। घोष वादक स्वयंसेवकों के आवासों को संबंधित जिले के वाद्ययंत्रों का नाम दिया गया है। इसमें शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, झुंझुनू व चुर जिले से आने वाले वादक स्वयंसेवकों के आवास परिसर को ढाणी चंग, जयपुर के स्वयंसवकों के आवास को मोरचंग ढाणी और भरतपुर, अलवर के स्वयंसेवकों के आवास को ढाणी इकतारा नाम दिया गया है। इसी प्रकार अन्य आवासों के नाम अलगोजा, खरताल आदि दिए गए हैं। संघ में घोष वादन आरंभ से ही होता रहा है। पहले इसमें सेना के बैंड की धुनें ही बजाई जाती थीं, लेकिन अब संघ ने खुद की कई रचनाएं भी तैयार की हैं। संघ में वाद्य यंत्रों के नाम भी रखे गए हैं। जैसे बांसुरी को संघ में वंशी कहा जाता है, इसी तरह बिगुल को शंख, बास ड्रम को पणव कहा जाता है और साइड ड्रम को अणक, ट्रम्पेट को तूर्य, सेक्सोफोन को नागांग और क्लेरिनेट को स्वरद कहा जाता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।