कफ सिरप मामला: बिहार से बाहर कैसे पहुंची ‘Almont Kid’ दवा?
(India) बिहार के हाजीपुर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित ट्राइडस रेमेडीज कंपनी के बनाए गए ‘Almont Kid’ कफ सिरप को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कंपनी के मालिक अहमद परवेज का दावा है कि यह दवा केवल बिहार में और वह भी किशनगंज जिले तक ही भेजी गई थी, लेकिन हकीकत में यही सिरप तमिलनाडु, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में भी पाया गया। इससे यह आशंका बढ़ गई है कि या तो दवा की अवैध तस्करी हुई या फिर कागजों में हेरफेर कर कंपनी ने खुद इसे बाहर भेजा।
जब कई राज्यों में इस सिरप पर प्रतिबंध लगाया गया, तो ड्रग इंस्पेक्टर की टीम ने हाजीपुर स्थित फैक्ट्री की जांच की और कंपनी को सील कर दिया गया। मार्केट से दवा वापस मंगवाकर फैक्ट्री में रखवाई गई है। मौके पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था और सिर्फ एक सुरक्षा गार्ड तैनात मिला, जिसने बताया कि पिछले तीन दिनों से कंपनी पूरी तरह बंद है।
जांच में सामने आया कि अक्टूबर में लिए गए सैंपल की रिपोर्ट में ‘Almont Kid’ सिरप में एथिलीन ग्लाइकोल नामक जहरीला रसायन पाया गया है। इसके बाद केंद्रीय औषधि नियंत्रक ने इस दवा की बिक्री, वितरण और उपयोग पर रोक लगा दी। यह सिरप बच्चों को एलर्जी, छींक, खुजली और आंखों में जलन जैसे लक्षणों में दी जाती थी, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अनुसार यह रसायन बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।