लखीमपुर की प्रिन्सी ने रचा आत्मनिर्भरता का नया अध्याय, CM युवा योजना से शुरू किया स्नैक्स कारोबार
(Lucknow, Lucknow) उत्तर प्रदेश में युवा और महिलाएं सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ से लखीमपुर खीरी की प्रिन्सी गुप्ता ने अपने उद्यमिता के सपने को नई दिशा दी है।

प्रिन्सी ने योजना के तहत मिले साढ़े चार लाख रुपये के बिना गारंटी ऋण से स्नैक्स निर्माण का व्यवसाय शुरू किया। आज वह अपने कारोबार का संचालन खुद कर रही हैं और इससे हर महीने करीब 40 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।

पूंजी की कमी बनी थी राह में बाधा

लखीमपुर खीरी की रहने वाली प्रिन्सी गुप्ता हमेशा से अपना व्यवसाय शुरू करना चाहती थीं। हालांकि, पर्याप्त पूंजी नहीं होने के कारण उनके लिए यह सपना आसान नहीं था।

इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। उन्होंने योजना के लिए आवेदन किया और जुलाई 2025 में 4.5 लाख रुपये का बिना गारंटी ऋण प्राप्त किया।

आर्थिक सहायता मिलने के बाद प्रिन्सी ने स्नैक्स निर्माण का कारोबार शुरू किया और अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाना शुरू किया।

हर महीने करीब ₹40 हजार की कमाई

व्यवसाय शुरू होने के बाद प्रिन्सी के परिवार की आर्थिक स्थिति में भी बदलाव आया है। वर्तमान में वह स्नैक्स निर्माण और बिक्री के जरिए हर महीने लगभग 40 हजार रुपये तक की आमदनी कर रही हैं।
उत्पाद तैयार करने से लेकर बिक्री और कारोबार के प्रबंधन तक की जिम्मेदारी वह खुद संभाल रही हैं. प्रिन्सी का लक्ष्य अब अपने कारोबार का विस्तार करना और इसे बड़े स्तर पर ले जाना है।

प्रिन्सी का कहना है कि सही समय पर आर्थिक सहायता और मार्गदर्शन मिलने से युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने का अवसर मिलता है। उनके मुताबिक, सरकारी योजना से उन्हें आर्थिक मदद के साथ-साथ अपना व्यवसाय शुरू करने का आत्मविश्वास भी मिला।आज वह अपने पैरों पर खड़ी हैं और अपने कारोबार को आगे बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रही हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार का जोर युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने पर है। ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ के तहत पात्र युवाओं को उद्यम शुरू करने के लिए वित्तीय सहायता, प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार सृजन करने वाला उद्यमी बनाना है। प्रिन्सी गुप्ता की कहानी इसी दिशा में बढ़ते कदम की एक मिसाल के तौर पर सामने आई है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।