राधा अष्टमी पर 25 लाख श्रद्धालुओं के स्वागत को तैयार Barsana, 3 हजार पुलिसकर्मी और 160 बसें तैनात
(Mathura, Mathura) ब्रज के प्रमुख पर्वों में से एक श्री राधा अष्टमी को लेकर बरसाना में व्यापक तैयारियां की गई हैं। 19 सितंबर 2026 को बरसाना स्थित प्रसिद्ध श्री लाडली जी मंदिर में राधा रानी का जन्मोत्सव भव्यता और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर श्रीजी का विशेष अभिषेक और कई सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं।

भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए पूरे बरसाना मेला क्षेत्र को 7 जोन और 20 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। लगभग 3 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें 8 अपर पुलिस अधीक्षक, 38 पुलिस उपाधीक्षक, 75 निरीक्षक, 320 उप निरीक्षक, 68 महिला उप निरीक्षक, पीएसी की 2 कंपनी और पीएसी फ्लड की 2 प्लाटून शामिल हैं। मेला क्षेत्र में 155 सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए निगरानी की जाएगी। श्रद्धालुओं की सहायता के लिए 2 खोया-पाया केंद्र और 6 वॉच टावर भी स्थापित किए गए हैं।

श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए भारी वाहनों का रूट डायवर्जन लागू किया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से 160 विशेष बसें संचालित की जाएंगी, जबकि 40 बसों को रिजर्व रखा गया है। प्रत्येक बस पर दो-दो चालकों की ड्यूटी लगाई गई है और बरसाना में अस्थायी बस स्टैंड बनाया गया है। भीड़ नियंत्रण के लिए 38 होल्डिंग एरिया, 50 पार्किंग स्थल, 88 बैरियर, 14 बैरिकेडिंग और 7 स्थानों पर जूता-घर की व्यवस्था की गई है।

स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर मेला क्षेत्र में 12 मेडिकल कैंप लगाए जाएंगे। आपात स्थिति के लिए बाइक एंबुलेंस और अन्य एंबुलेंस की व्यवस्था के साथ एंटी-वेनम दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। मेला क्षेत्र को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखने की तैयारी है। भंडारा संचालकों को नियमित कूड़ा उठान और कूड़ादान रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बरसाना की सड़कों को गड्ढामुक्त करने, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा के लिए ट्रांसफार्मर और पोल की प्लास्टिक रैपिंग का काम किया गया है। मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण की ओर से फसाड लाइटिंग, वॉल पेंटिंग और कपड़ों की सजावट से बरसाना को नव्य-भव्य रूप दिया गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से मिलावटखोरों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान भी चलाया जा रहा है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि 19 सितंबर को श्री राधा अष्टमी पर्व बरसाना में दिव्य, भव्य और धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाहरी श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय निवासियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। स्थानीय लोग श्रीजी के दर्शन कर सकें, इसके लिए प्रशासन की ओर से विशेष पास जारी किए गए हैं, ताकि उन्हें भीड़भाड़ के बीच असुविधा का सामना न करना पड़े।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।