UPITS 2026 में BrahMos से लेकर ‘काल’ और ‘तेजस्वन’ तक दिखी रक्षा तकनीक, युवाओं ने पूछे सवाल
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 के डिफेंस पैवेलियन में युवाओं के बीच रक्षा तकनीक को लेकर खास उत्सुकता देखने को मिली। ब्रह्मोस की प्रतिकृति से लेकर अत्याधुनिक ड्रोन और सुरक्षा उपकरणों तक कई तकनीकों को प्रदर्शित किया गया। युवा मिसाइलों की तकनीक, ड्रोन की क्षमताओं और उनके उपयोग से जुड़े सवाल पूछते नजर आए।

उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर के पैवेलियन में सरकारी, निजी और अर्धसरकारी क्षेत्र की कंपनियों ने सैन्य उपयोग के उपकरण और तकनीक प्रदर्शित की। पैवेलियन के जरिए प्रदेश में विकसित हो रही रक्षा उत्पादन क्षमता के साथ युवाओं को रक्षा क्षेत्र की तकनीक को करीब से समझने का अवसर मिला।

कानपुर की कैपिटल एयरगन कंपनी ने बुलेट प्रूफ जैकेट, हेलमेट और सदरी के साथ विभिन्न हथियारों से जुड़े उपकरण प्रदर्शित किए। कंपनी के ऑपरेशनल एंड मार्केटिंग मैनेजर हर्षित द्विवेदी के अनुसार पिछले वर्ष ट्रेड शो में भाग लेने के बाद निजी क्षेत्र से कंपनी को संपर्क मिले और वार्षिक कारोबार में भी बढ़ोतरी हुई।

झांसी और नोएडा आधारित आईजी डिफेंस का ‘काल’ ड्रोन पैवेलियन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा। कंपनी के अनुसार यह भारत का स्वदेशी लंबी दूरी का वन-वे अटैक ड्रोन है। 21 सितंबर 2026 को राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में इसके परीक्षण का उल्लेख किया गया है। कंपनी के अनुसार यह ड्रोन 1000 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकता है और 50 किलोग्राम तक पेलोड ले जाने में सक्षम है। इसमें नाइट विजन सुविधा भी बताई गई है।

आईआईटी कानपुर के सहयोग से तैयार मराल एयरोस्पेस का ‘तेजस्वन’ ड्रोन भी युवाओं के आकर्षण का केंद्र बना। कंपनी के अनुसार सौर ऊर्जा से संचालित यह ड्रोन पांच किलोग्राम तक सामग्री ले जाने और 300 किलोमीटर तक उड़ान भरने में सक्षम है। इसके निर्माण दल में शामिल रहे आशीष आनंद और प्रमोद द्विवेदी ने उम्मीद जताई कि यह ड्रोन जल्द भारतीय सेना के उपयोग में दिखाई देगा।

ब्रह्मोस एयरोस्पेस के डिप्टी मैनेजर रोहन मिश्रा के अनुसार ब्रह्मोस की प्रतिकृति युवाओं को खास तौर पर आकर्षित कर रही है। युवा मॉडल के साथ तस्वीरें लेने के साथ रक्षा तकनीक से जुड़े सवाल भी पूछ रहे हैं, जिनका जवाब देने के लिए विशेषज्ञ मौजूद हैं।

डिफेंस पैवेलियन में न्यू स्पेस रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी, गुरुत्व सिस्टम, वास टेस्टिंग सिस्टम, डेटम, डब्ल्यू डब्ल्यू डिफेंस, काली म्यूटेशन और आईडीआर समेत कई कंपनियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। ड्रोन, सुरक्षा उपकरण और अन्य रक्षा तकनीकों की मौजूदगी के जरिए ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के रक्षा उत्पादन से जुड़े औद्योगिक तंत्र और निवेश एवं तकनीकी विकास पर केंद्रित प्रयासों की झलक देखने को मिल रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।