वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना बरेली में ‘वाकथॉन फॉर वाइल्डलाइफ’ के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वन विभाग स्कूली विद्यार्थियों और आमजन को वन्यजीवों से बचाव, उनके संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों के बारे में जागरूक करेगा। इस दौरान राज्य पक्षी सारस, राज्य वन्य पशु बारहसिंगा, राष्ट्रीय जलीय जीव डॉल्फिन और सर्प सहित विभिन्न वन्यजीवों के संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम होंगे।
अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक रामकुमार के अनुसार, वन्यजीव सप्ताह के दौरान जनपद और तहसील स्तर पर विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लखनऊ, गोरखपुर और कानपुर सहित प्राणि उद्यानों में 12 वर्ष तक के स्कूली बच्चों को निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए बच्चों को स्कूल यूनिफॉर्म में परिचय पत्र के साथ पहुंचना होगा।
लखनऊ के नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में राज्यस्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ 2 अक्टूबर को सारस प्रेक्षागृह में होगा। 3 अक्टूबर से कक्षा 6 से 8, कक्षा 9-10 और कक्षा 11-12 के विद्यार्थियों के लिए तीन वर्गों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 3 अक्टूबर को मास्क मेकिंग और वन्यजीवों के छद्म आवरण व अनुकरण पर चित्रकला प्रतियोगिता होगी। 4 अक्टूबर को ‘यदि वन्यजीव बोल पाते तो...’ विषय पर नुक्कड़ नाटक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक विद्यालय की टीम से 10 प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे।
5 अक्टूबर को वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, 6 अक्टूबर को फेस पेंटिंग और 7 अक्टूबर को रंगोली एवं मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी। इन गतिविधियों के जरिए बच्चों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 8 अक्टूबर को पुरस्कृत किया जाएगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।