(India)
वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने उम्मीद जताई है कि चालू वित्त वर्ष में घरेलू बाजार में कारों की बिक्री में 5 से 10 फीसद का इजाफा होगा। सियाम के महानिदेशक विष्णु माथुर ने कहा कि नकारात्मक धारणा दूर हो चुकी है। लोग अब शोरूमों में वापस लौट रहे हैं। अर्थव्यवस्था में सुधार के साथ आगामी महीनों में कारों की बिक्री में और सुधार होगा। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन से पहले कई नए माडल पेश किए जाने वाले हैं। ऐसे में हम इस वर्ष कम से कम एक अंकीय वृद्धि की उम्मीद कर सकते हैं। माथुर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कार बाजार की वृद्धि दर 2.89 प्रतिशत रही है। यदि यही रख जारी रहता है, तो इस साल हम 5 से 10 फीसद की वृद्धि की उम्मीद कर सकते हैं। जुलाई में देश की प्रमुख कार कंपनी मारति सुजुकी इंडिया की घरेलू बाजार में बिक्री 15.45 फीसद बढ़कर 72,782 इकाई हो गई, जो पिछले साल इसी महीने में 63,040 इकाई रही थी। मारति की प्रमुख प्रतिद्वंद्वी हुंदै कार्स इंडिया की बिक्री माह के दौरान 10.77 प्रतिशत बढ़कर 12,286 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान अवधि में 11,091 इकाई थी। हालांकि टाटा मोटर्स की घरेलू बाजार में बिक्री जुलाई में 21.56 फीसद घटकर 8,546 इकाई रह गई, जो पिछले साल इसी महीने में 6,703 इकाई रही थी। इसी तरह महिंद्रा एंड महिंद्रा के यूटिलिटी वाहनों की बिक्री माह के दौरान 1.06 प्रतिशत घटकर 14,348 इकाई रह गई, जो जुलाई, 2013 में 14,503 इकाई रही थी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।