देश में टमाटर की ऊंची कीमतों के बीच नेपाल ने इसकी आपूर्ति के लिए पेशकश की है। उसने कहा है कि वह प्रतिस्पर्धी कीमतों पर भारत को टमाटर भेज सकता है। यहां एक सम्मलेन में शिरकत करने पहुंचे नेपाल के कृषि विकास मंत्री हरि प्रसाद पराजुली ने बताया कि मध्य पहाड़ी इलाकों में जून से नवंबर तक टमाटर की पैदावार का समय होता है। इस अवधि में नेपाल प्रतिस्पर्धी कीमतों पर टमाटर बेच सकता है। हाल में टमाटर की कीमतों के 80 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे समय में उनका देश भारत की कुछ मदद कर सकता है। उन्होंने थोक में 20 रुपये प्रति किलो या इससे भी कुछ कम भाव पर भारत को टमाटर खरीदने की पेशकश की। मंत्री का कहना था कि दोनों देशों के बीच आवागमन की सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में बिना किसी रुकावट के आपूर्ति की जा सकती है। पराजुली यहां एमएस स्वामीनाथन रिसर्च फाउंडेशन की ओर से श्रोल ऑफ फैमिली फार्मिगश् विषय पर आयोजित चार दिवसीय एशिया-प्रशांत सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच व्यापार संबंधों में और सुधार होगा। कुछ मामलों में सीमा पार करते हुए कारोबारियों को समस्याएं पेश आती हैं। उन्होंने कहा कि नेपाल खेती के साथ कुछ क्षेत्रों में बड़ी छलांग लगा रहा है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।