आईडीबीआई बैंक ने एक मीडिया रिपोर्ट पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उसने विजय माल्या की किंगफिशर एयरलाइंस को जो 950 करोड़ रुपये का लोन दिया है, सीबीआई उसकी जांच नहीं कर रही है। रविवार को एक रिपोर्ट में कहा गया था कि सिंडिकेट बैंक के प्रेजिडेंट और एमडी के रिश्वत लेकर कुछ कंपनियों की कर्ज सीमा बढ़ाने के आरोप में हुई गिरफ्तारी के बाद सीबीआई यह जांच कर रही है कि घाटे में चल रही किंगफिशर एयरलाइंस को आईडीबीआई बैंक ने आखिर क्यों 950 करोड़ रुपये का कर्ज दिया। आईडीबीआई बैंक ने बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को इस रिपोर्ट पर दिए गए अपने स्पष्टीकरण में कहा, श्आईडीबीआई बैंक किंगफिशर एयरलाइंस को कर्ज देने वाले 16 बैंकों के कंसोर्शियम का एक हिस्सा है। विमानन कंपनी कर्ज वापस करने में असफल रही और बैंकों ने सम्मिलित तौर पर कर्ज की वापसी के लिए कंपनी और उसके प्रमोटर के विरुद्ध कई कार्रवाई शुरू की है। बैंक ने कहा, सीबीआई ने कुछ माह पूर्व जो प्रारंभिक जांच शुरू की है, वह किंगफिशर एयरलाइंस के खिलाफ है, न कि आईडीबीआई बैंक के खिलाफ। आईडीबीआई ने अपने बयान में कहा कि इस संबंध में बैंक जांच एजेंसी द्वारा मांगी जा रही सभी सूचनाएं और दस्तावेज उपलब्ध करा रहा है। और आगे भी इस दिशा में मदद करता रहेगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।