छरहरी काया के लिए कार्बोहाइड्रेट वाले भोजन से करें तौबा
(India) एक नए शोध में पाया गया है अगर वजन घटाना हो तो कम वसा युक्त भोजन करने की अपेक्षा कम कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन करना अधिक कारगर होगा। कम कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन न सिर्फ वजन घटाने में कारगर है, बल्कि यह दिल से संबंधित बीमारी को दूर करने में भी उपयोगी है। कम कार्बोहाइड्रेट वाले भोजन की ये खूबियां एक नए अध्ययन से सामने आई है। यह वजन घटाने के लिए कम वसा युक्त भोजन करने की अब तक दी जाने वाली सलाह से थोड़ी अलग है। 'एनल्स ऑफ इंटरनल मेडिसिन' जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के मुताबिक, कम वसा वाले भोजन करने की तुलना में कम कार्बोहाइड्रेट वाले भोजन अधिक फायदेमंद हैं। शोधकर्ताओं ने अमेरिका में 148 पुरुषों एवं महिलाओं पर किए गए अध्ययन के आधार पर यह निष्कर्ष निकाला है। अध्ययन में शामिल किए गए इन लोगों को न तो किसी तरह का दिल का रोग था और न ही वे मधुमेह की बीमारी से पीडित थे। प्रतिभागियों में आधे से अधिक अश्वेत नागरिकों को शामिल किया गया था। बॉडी मास इंडेक्स (बीएमआई) के आधार पर प्रतिभागियों को मोटे लोगों की श्रेणी में रखा गया था। कम कार्बोहाइड्रेट और कम वसा युक्त भोजन करने वाले समूहों को नियमित अंतराल पर खानपान को लेकर परामर्श दिए जा रहे थे, लेकिन उनके सामने कैलोरी (ऊर्जा) को लेकर कोई लक्ष्य नहीं रखा गया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।