यदि सपने में दिखती है खुद की मृत्यु तो जानिए क्या कहता है ज्योतिष
(India) अधिकांश लोगों की यही राय होती है कि सपनों की दुनिया ऐसी होती है, जहां कुछ भी हो सकता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर सपने का एक विशेष अर्थ होता है, हर सपने में भविष्य का एक संकेत छिपा होता है।
मृत्यु का ख्वाब
कई बार हम अपनी मृत्यु का सपना भी देखते हैं। इसे लेकर चिंतित होने की ज़रूरत नहीं, क्योंकि यह इशारा है कि अब आप अपनी किसी बुराई को छोड़ कर आगे बढऩे के लिए तैयार हैं। यदि किसी प्रिय की मृत्यु का सपना देखें, तो समझ जाएं कि जल्द ही उनके जीवन में कुछ नया और अच्छा घटित होने वाला है।
टूट गए दांत
दांतों का सम्बंध हमारे आत्मविश्वास से है। आमतौर पर जो लोग अपनी सुंदरता को लेकर बहुत ज़्यादा सजग होते हैं, उन्हें इस तरह के सपने आते हैं। इसके अलावा यदि आपको महसूस हो कि सामने वाला व्यक्ति आपके बारे में अच्छा नहीं सोच रहा होगा, तब भी ऐसे सपने परेशान कर सकते हैं।
ऊंचाई से गिरना
यह सपना जीवन के गलत पथ या असंतुष्टि की भावना की ओर इशारा करता है। सम्भव है कि किसी बात के डर के कारण आपको बार-बार ऐसे सपने आ रहे हों। इस स्थिति में सबसे पहले अपनी परेशानी की वजह ढूंढें, फिर उसका उपाय करें।
कोई पीछा कर रहा है
इसका अर्थ है कि अवचेतन मन इशारा कर रहा है कि आप किसी अहम रिश्ते या स्थिति को नजरअंदाज करने की कोशिश कर रहे हैं, पर उसके ख्याल से उबर भी नहीं पा रहे हैं। ध्यान दें, समस्या से भागने के बजाय उसका सामना करना ही उपाय है।
धोखा खाना अच्छा है!
सपने में स्वयं को धोखा खाता देख समझ लीजिए कि आपकी किसी बड़ी परेशानी का जल्द ही अंत होने वाला है। यह भी सम्भव है कि आपको परेशान करने वाला व्यक्ति आपसे दूर जाने वाला हो।
देर होना या ट्रेन छूटना
कहीं पहुंचने में देर हो जाने का सपना बताता है कि किसी विशेष कार्य को लेकर आप बेहद सजग हैं और उसमें किसी तरह की गड़बड़ हो जाने की आशंका से थोड़े परेशान भी। कई बार देर हो जाने के कारण ट्रेन छूटने का सपना भी दिखता है। यह किसी कार्य की असफलता की ओर इशारा करता है। लेकिन यदि आप सपने में सही समय पर ट्रेन पकड़ लेते हैं, तो समझें कि किसी विशेष कार्य में आप सफलता अर्जित करने वाले हैं।
पानी के मायने
सपने में पानी देखना बहुत आम है। यदि आप ठहरा हुआ पानी जैसे झील या तालाब देखते हैं, तो यह जीवन की एकरसता की ओर इशारा है। वहीं नदी, यानी गतिमान जल देखने का तात्पर्य है कि आपकी जि़ंदगी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। सपने में समुद्र दिखाई दे, तो इसका मतलब है आपकी किसी परेशानी का जल्द ही अंत होने वाला है।
झरने में भीगने का दृश्य भी निकट भविष्य के शुभ समाचार का संकेत देता है। गंदे पानी को देखने का अर्थ है कि हम खुद को किसी परिस्थिति या गलत संगत में फंसा हुआ महसूस कर रहे हैं और जल्द राहत पाना चाहते हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।