अब एप्‍प के इस्‍तेमाल से चलेगी कार, दिए जा सकेंगे कई कमांड
(India) कार निर्माता कंपनी ह्युंडई लास वेगास में छह जनवरी से शुरू होने वाले 'कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक शो 2015' में ब्ल्यू लिंक नाम के इस एप्‍प को लांच करने वाली है। कंपनी ने एक बयान जारी कर बताया कि इस एप्‍प के इस्तेमाल से ह्युंडई कार रखने वाले अब भीड़भाड़ वाली पार्किंग जैसी जगहों पर बहुत दूर से ही अपनी कार को लॉक-अनलॉक कर सकेंगे या जरूरत पड़ने पर इसके माध्यम से इंजन को भी स्टार्ट किया जा सकेगा। यह एप्‍प कार को भीड़ में ढूढने का भी काम करेगी। ह्युंडई मोटर अमेरिका के बैरी राट्जल्फ ने बताया कि उपभोक्ताओं की जीवनशैली में नित नई तकनीक के बढ़ते प्रयोग को देखते हुए ह्युंडई ने ब्ल्यू लिंक नाम के इस एप्‍प को विकसित किया है। इस एप्‍प से कार की लाइट को ऑन किया जा सकेगा, हॉर्न बजाया जा सकेगा और ब्रेक डाउन की स्थिति में मदद का संदेश भी भेजा जा सकेगा। एक बयान में कंपनी ने कहा कि इस एप्‍प का इस्तेमाल बोलकर भी किया जा सकता है। जैसे कि स्टार्ट माई कार, लॉक माई कार या फाइंड माई कार जैसे कमांड दिए जा सकेंगे। इस एप को एंड्रायड फोन के उपभोक्ता ब्ल्यूटुथ के माध्यम से भी इस्तेमाल कर सकेंगे। ब्ल्यू लिंक एप को गूगल प्ले स्टोर से मुफ्त डाउनलोड किया जा सकता है, जो साल 2015 की पहली तिमाही से उपलब्ध होगा। इस एप्‍प को टच स्क्रीन या वॉयस कमांड के माध्यम से इस्तेमाल किया जा सकेगा। ब्ल्यू लिंक स्मार्टवाच एप्‍प को ह्युंडई ने स्टेशन डिजीटल मीडिया के साथ मिलकर विकसित किया है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।