रोज खाएं मुट्ठी भर सूखे मेवे, भगाएं कई बीमारियां
(India)
मेवों की पौष्टिकता से सभी परिचित हैं, लेकिन शायद ही किसी को अनुमान होगा कि वे दिल के दौरे और कैंसर जैसी घातक बीमारियों का जोखिम भी कम कर सकते हैं। एक नए अध्ययन से पता चला है कि रोजाना कम से कम 20 ग्राम यानी मुट्ठी भर सूखे मेवे खाने से दिल की बीमारी, कैंसर और अकाल मौत का खतरा कम हो सकता है। शोधकर्ताओं ने पाया कि नियमित रूप से मेवे खाने से श्वसन संबंधी बीमारियों और मधुमेह से मौत होने का खतरा भी काफी कम हो जाता है। यह अध्ययन इंपीरियल कॉलेज लंदन और नार्वे यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिकों ने किया है। उन्होंने सूखे मेवों की खपत से जुड़े 29 मौजूदा अध्ययनों का विश्लेषण कर यह नतीजा निकाला। ये अध्ययन दुनिया के विभिन्न हिस्सों में प्रकाशित हुए थे। इन अध्ययनों में कुल 8.19 लाख लोग शामिल हुए थे। इनमें से 12 हजार से अधिक लोग दिल की धमनी के रोग से पीड़ित थे। जबकि 18 हजार लोग दिल से जुड़ी अन्य बीमारियों के और नौ हजार लोग आघात के मरीज थे। कैंसर और अकाल मौतों के 85 हजार से अधिक मामले भी इनमें शामिल थे।
प्रतिभागियों के लिंग, आवास क्षेत्र और जोखिम के अलग-अलग कारकों का अध्ययन के नतीजों पर थोड़ा असर दिखा। इसके बावजूद शोधकर्ताओं ने पाया कि थोड़े से मेवे रोजाना खाने से दिल की बीमारी और कैंसर समेत कई रोगों से सभी लोगों का बचाव होता है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।