(India)
बिहार के मुजफ्फरपुर में चमकी बुखार से मरने वाले बच्चों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इलाके में महामारी का रूप ले चुके इस बुखार के चलते शनिवार रात तक 80 बच्चों के मरने की खबर थी, लेकिन रविवार सुबह 4 और बच्चों ने दम तोड़ दिया। अब तक 84 बच्चों की मौतें इस बुखार के चलते हुई हैं। रविवार को 4 बच्चों की मौत तो उस वक्त हुई, जब केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन हालात का जायजा लेने के लिए पहुंचे हुए थे। अक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) यानी चमकी से पीड़ित मरीजों की हालत अब भी गंभीर है और पीड़ित सभी रोगियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। फिलहाल मुजफ्फरपुर पहुंचे हर्षवर्धन अक्यूट इंसेफलाइटिस सिंड्रोम के प्रकोप के बाद की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। डॉक्टर हर्षवर्धन ने श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल का दौरा किया और डॉक्टरों से बात की। मेडिकल कॉलेज ने रविवार को तीन और बच्चों के मौत की पुष्टि की है। इस बीच बिहार सरकार के मंत्री सुरेश शर्मा ने एईएस से मौतों पर कहा है कि राज्य सरकार शुरू से ही इस बीमारी पर काम कर रही है। दवाइयों की कोई कमी नहीं है। हालांकि उन्होंने माना कि वर्तमान में आपात स्थिति को देखते हुए बेड और आईसीयू की कमी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।