महाराष्ट्र में डेल्टा प्लस वेरिएंट से पहली मौत ने बढ़ाई सरकार की चिंता, अब और सख्ती से लागू होंगे नियम
(India) महाराष्ट्र में कोरोना के डेल्टा प्लस वेरिएंट से मौत होने का पहला मामला सामने आया है. रत्नागिरी में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की संक्रमण के कारण मौत हो गई है. इस बीच महा विकास अघाड़ी सरकार ने शुक्रवार को पूरे महाराष्ट्र में लेवल-3 मानदंडों को लागू करने के साथ ही सख्त प्रतिबंध के संकेत दिए हैं. एफडीए मंत्री डॉ. राजेंद्र शिंगने ने चेताया है कि संभावित तीसरी लहर में 50 लाख संक्रमण के मामले सामने आ सकते हैं, जिनमें से लगभग 8 लाख एक्टिव मामले होंगे, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करने की आवश्यकता होगी.

उन्होंने आशंका जताई कि 10 फीसदी तक संक्रमित (5 लाख) बच्चे हो सकते हैं. उन्होंने लोगों से सभी कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया. राज्य में तीन करोड़ टीकाकरण का आंकड़ा पार हो चुका है, जो भारत में सबसे अधिक है, मगर तीसरी लहर की संभावना के बीच प्रदेश कोई भी कोताही नहीं बरतना चाह रहा.

महाराष्ट्र में अनलॉक-3 मानदंडों के तहत, सभी दुकानें शाम 4 बजे तक बंद हो जाएंगी. मॉल और सिनेमाघर बंद रहेंगे और लोगों की अनावश्यक आवाजाही पर कड़ी रोक लगेगी. स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, कोविड संक्रमण के डेल्टा प्लस वेरिएंट के कारण रत्नागिरी की एक 80 वर्षीय मरीज की मौत हो गई है. वर्तमान में राज्य में इसके लगभग 21 मामले हैं. इनमें से रत्नागिरी में सबसे अधिक (9), उसके बाद जलगांव (7), मुंबई (2) और ठाणे, पालघर और सिंधुदुर्ग जिलों में एक-एक मामला सामने आया है. इन जिलों के साथ ही राज्य के बाकी हिस्सों में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है.

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।