जयपुर सेंट्रल जेल में तलाशी के दौरान 4 बंदियों से मोबाइल बरामद, केस दर्ज
(Jaipur, Jaipur) जयपुर सेंट्रल जेल में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान 4 विचाराधीन बंदियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मामले में लालकोठी थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल फोन जेल के अंदर कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किन गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि जेल प्रहरी अनिल कुमार की ओर से जेल में मोबाइल मिलने को लेकर मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

22 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक जेल में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान सेंट्रल जेल के वार्ड 7 और वार्ड 4 की बैरक नंबर 1 में बंद विचाराधीन बंदी जुबैर पुत्र फकीर मोहम्मद पठान के पास से गुलाबी रंग का ए-26 मॉडल मोबाइल बरामद किया गया।

इसके अलावा वार्ड 4 की बैरक नंबर 3 की तलाशी के दौरान नमो नमो उर्फ नईमुद्दीन के कब्जे से सिल्वर रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल बरामद हुआ। इसी बैरक में बंद योगेंद्र उर्फ योगराज सिंह के पास से गोल्डन रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल फोन मिला।

वहीं वार्ड नंबर 7 की बैरक नंबर 5 में बंदी विकास भाकल पुत्र रविन्द्र भाकल के पास से सिल्वर रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल फोन बरामद किया गया।

मामले में पुलिस ने प्रिजन एक्ट की धारा 42 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मोबाइल फोन जेल के अंदर पहुंचने और इनके इस्तेमाल से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।