रक्षाबंधन पर योगी सरकार की निशुल्क बस सेवा का बड़ा असर, 80 लाख महिलाओं व सहयात्रियों ने उठाया लाभ
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) रक्षाबंधन के पावन पर्व पर योगी सरकार की ओर से महिलाओं और उनके सहयात्रियों को दी गई निशुल्क बस यात्रा की सुविधा का प्रदेशभर में बड़ी संख्या में यात्रियों ने लाभ उठाया। 28 अगस्त को ही 49.96 लाख से अधिक महिलाओं और उनके सहयात्रियों को बिना किराया दिए यात्रा का अवसर मिला। वहीं 29 अगस्त की शाम 5 बजे तक करीब 80 लाख महिलाएं और सहयात्री इस सुविधा का लाभ उठा चुके थे। निशुल्क यात्रा की सुविधा शनिवार रात 12 बजे तक जारी रहेगी।

परिवहन निगम के मुताबिक, 27 अगस्त को 9.26 लाख से ज्यादा महिलाओं और सहयात्रियों ने योजना का लाभ उठाया। इनमें 6.03 लाख से अधिक महिलाएं और 3.22 लाख से ज्यादा सहयात्री शामिल रहे। पहले ही दिन प्रदेशभर में बड़ी संख्या में यात्रियों ने योजना का लाभ लिया।

28 अगस्त यानी रक्षाबंधन के दिन निशुल्क यात्रा का लाभ लेने वालों की संख्या में जबरदस्त बढ़ोतरी हुई। इस दिन 49.96 लाख से ज्यादा निशुल्क टिकट जारी किए गए। इनमें 32.47 लाख से अधिक महिलाएं और 17.48 लाख से ज्यादा सहयात्री शामिल रहे। यानी रक्षाबंधन के दिन ही करीब 50 लाख महिलाओं और सहयात्रियों को बिना किराया दिए यात्रा की सुविधा मिली।

दो दिन में 59.23 लाख से ज्यादा यात्रियों को राहत

27 और 28 अगस्त के उपलब्ध आंकड़ों को मिलाकर दो दिन में 59.23 लाख से अधिक निशुल्क टिकट जारी किए जा चुके हैं। इनमें 38.51 लाख से अधिक महिलाएं और 20.71 लाख से ज्यादा सहयात्री शामिल हैं। योगी सरकार की निशुल्क बस यात्रा योजना से बड़ी संख्या में परिवारों को त्योहार पर आर्थिक राहत मिली और बहनों के लिए भाइयों तक पहुंचना आसान हुआ।

बुजुर्ग महिलाओं को भी मिली विशेष सुविधा

शुक्रवार से ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत बुजुर्ग महिलाओं को भी निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलनी शुरू हुई। योजना के तहत परिवहन निगम की बसों में 60 वर्ष या उससे अधिक उम्र की महिलाओं को शून्य शुल्क वाले टिकट जारी किए गए। इससे बुजुर्ग महिलाओं को भी रक्षाबंधन पर आवागमन में आर्थिक राहत मिली।

28 अगस्त को यात्रा करने वाली 32.47 लाख महिलाओं में बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल रहीं। परिवहन निगम की ओर से योजना का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है, ताकि पात्र महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।

सुरक्षित यात्रा के लिए परिवहन निगम की खास तैयारी

यूपीएसआरटीसी प्रधान प्रबंधक (संचालन) अनिल कुमार ने बताया कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने पहले से व्यापक तैयारियां की थीं। अधिक से अधिक बसों का संचालन, प्रमुख बस स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और यात्रियों की सुविधा पर विशेष निगरानी रखी गई।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने भीड़ को व्यवस्थित करने, बसों के संचालन और यात्रियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।

आंकड़े अभी और बढ़ने की उम्मीद

तीन दिवसीय निशुल्क यात्रा के अंतिम आंकड़े शनिवार रात 12 बजे तक काटे गए शून्य शुल्क टिकटों के इनपुट्स अपडेट होने के बाद सामने आएंगे। यह प्रक्रिया लगातार जारी है। ऐसे में योजना का लाभ लेने वाली महिलाओं और सहयात्रियों की संख्या अभी और बढ़ने की संभावना है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।