मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पौधरोपण महायज्ञ-2026 के दौरान एक दिन में 35.27 करोड़ से अधिक पौधे रोपकर नया कीर्तिमान बनाया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में 35,27,89,926 पौधरोपण किए गए, जो निर्धारित 35 करोड़ के लक्ष्य से 27,89,926 अधिक रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 12 जुलाई को गोरखपुर में दो स्थानों पर पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया था।
योगी सरकार की ओर से इस वर्ष विशिष्ट वनों की श्रृंखला के तहत भी कई विशेष आयोजन किए गए हैं। इसी श्रृंखला में शिक्षक दिवस पर ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य गुरु के सम्मान को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना और लोगों को पौधरोपण के लिए प्रेरित करना है।
लखनऊ में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम चंद्रिका देवी मंदिर के समीप आयोजित किया जाएगा। लखनऊ के प्रभागीय वनाधिकारी सितांशु पांडेय के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान आगंतुकों को स्मृति चिह्न के रूप में पौधे भी भेंट किए जाएंगे। वहीं शिक्षक दिवस के मुख्य कार्यक्रम के दौरान गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पौधरोपण करने की संभावना है।
पौधरोपण महायज्ञ-2026 के तहत इस वर्ष विभिन्न अवसरों और उद्देश्यों से कई विशिष्ट वन एवं पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें वन योगा कार्यक्रम, श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पौधरोपण, वन महोत्सव, पर्यावरण दिवस पर वृहद पौधरोपण, महर्षि चरक औषधि वन, समृद्धि वन, कपि वन, ऊर्जा वन, समरस वन, सहजन भंडारा, आम भंडारा, वंदे मातरम वाटिका, अविरल धारा पौधरोपण, मिशन छाया, एक्सप्रेस वे पौधरोपण, भाई-बहन पौधरोपण यानी रक्षाबंधन वाटिका और ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ प्रमुख हैं।
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा के अनुसार, शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी वन प्रभागों में ‘एक पेड़ गुरु के नाम’ कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस पहल के जरिए शिक्षक के प्रति सम्मान की भावना को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।