पवेलियन में खेल निदेशालय, प्रादेशिक विकास दल एवं युवा कल्याण विभाग, स्पोर्ट्स कॉलेज और मेरठ में विकसित हो रही खेल यूनिवर्सिटी संयुक्त रूप से भागीदारी करेंगे। आयोजन की तैयारियों के लिए शासन स्तर पर नोडल अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं।
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश से निकले राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की उपलब्धियों को तस्वीरों, वीडियो बाइट्स और डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा। खिलाड़ियों की सफलता से जुड़ी सामग्री के जरिए आगंतुकों को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं से परिचित कराया जाएगा।
प्रदेश में विकसित की जा रही आधुनिक खेल सुविधाएं भी पवेलियन का प्रमुख आकर्षण होंगी। अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी और कानपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख खेल परियोजनाओं के साथ मेरठ में विकसित हो रही खेल यूनिवर्सिटी को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इन परियोजनाओं के 3डी मॉडल और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर पर तैयार डॉक्यूमेंट्री भी दर्शकों को दिखाई जाएगी।
युवा कल्याण विभाग की गतिविधियों और उपलब्धियों को भी पवेलियन में जगह दी जाएगी। युवक मंगल दल और महिला मंगल दल से जुड़ी गतिविधियों के साथ मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित प्रमाणपत्र, पुरस्कार और मेडल भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
पवेलियन को इंटरएक्टिव बनाने के लिए विशेष गेमिंग जोन भी तैयार किया जा रहा है। इसमें फुटबॉल, हॉकी और टेबल टेनिस समेत चार खेलों से जुड़े गेम शामिल होंगे। ट्रेड शो में आने वाले दर्शक इन खेलों का इंटरएक्टिव अनुभव ले सकेंगे और बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को छोटे उपहार देकर प्रोत्साहित किया जाएगा।
युवाओं और खासकर जेन-जी को खेलों से जोड़ने पर भी विशेष जोर रहेगा। खेल, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवाओं के लिए अलग प्रस्तुति तैयार की जाएगी। इसके अलावा खेल क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के इस्तेमाल और खेल प्रतिभाओं के डिजिटल डेटा प्रबंधन की संभावनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
खेल विभाग के विशेष सचिव विनीत कुमार के अनुसार, उत्तर प्रदेश के स्पोर्ट्स कॉलेज लंबे समय से खेल प्रतिभाओं को मंच देने का काम कर रहे हैं। अब खेल विद्यालय, खेल विश्वविद्यालय, स्पोर्ट्स हॉस्टल और उच्च उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। साई के सहयोग से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा स्टेडियमों में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के उपकरण और सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया जा रहा है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।