एयरसेल-मैक्सिस डील में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे पूर्व दूरसंचार मंत्री दयानिधि मारन और उनके भाई कलानिधि मारन की मुश्किलें और भी बढ़ने वाली है। अटार्नी जनरल की राय के आधार पर सीबीआइ मारन बंधुओं के खिलाफ चार्जशीट तो दाखिल करने जा ही रही है, ईडी भी इनके खिलाफ सक्रिय हो गया है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मनी लांड्रिंग रोकने के कानून के तहत मारन की कंपनी सन डायरेक्ट की 600 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त करने की तैयारी में जुट गया है। जब्ती कार्रवाई के लिए उसे सिर्फ सीबीआइ की चार्जशीट दाखिल होने का इंतजार है। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार एयरसेल-मैक्सिस डील में मारन बंधुओं की कंपनी सन डायरेक्ट को मिले 600 करोड़ रुपये की जांच पूरी हो चुकी है। लेकिन सीबीआइ की चार्जशीट के अभाव में ईडी में फाइल ठंडे बस्ते में डाल दी गई थी। अब अटार्नी जनरल मुकुल रोहतगी की राय के बाद सीबीआइ ने इस मामले में चार्जशीट दाखिल करने का फैसला किया है। अगले हफ्ते वह मारन बंधुओं समेत एयरसेल-मैक्सिस के वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर देगी। चार्जशीट दाखिल होने के बाद ईडी के लिए मनी लांड्रिंग रोकथाम कानून के तहत रिश्वत में दी गई रकम को जब्त करने का रास्ता साफ हो जाएगा।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।