एएआई को 93 एयरपोर्ट्स पर हो रहा है नुकसान
(India)
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) को अपने 93 एयरपोर्ट्स से भारी नुकसान हो रहा है। इनमें से कुछ एयरपोर्ट्स से तो कोई भी एयरलाइंस अपनी सेवा नहीं दे रही है। इस नुकसान के बावजूद यह सरकारी एजेंसी अगले कुछ वर्षों में 50 लो-कॉस्ट एयरपोर्ट बनाने पर विचार कर रही है। बीजेपी की नई सरकार के इकनॉमी सर्वे के अनुसार, अगले 20 वर्षों में 200 बजट एयरपोर्ट बनाने की योजना है। ताजा सरकारी आंकड़ों के मुताबिक साल 2012-13 में अमृतसर, औरंगाबाद, जयपुर, लखनऊ, वाराणसी और भोपाल के हवाई अड्डों से लगभग 1,547 करोड़ रुपए का नुकसान एएआई को हुआ। यह नुकसान पिछले वर्ष से 41 पर्सेंट अधिक है। इनमें से कुछ एयरपोर्ट्स से तो कोई भी एयरलाइंस अपनी सेवा नहीं दे रही है। 31 मार्च 2014 को खत्म हुए फाइनेंशियल ईयर के आकंड़े उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन सूत्रों ने बताया एएआई को इस बार भी पिछले साल की तरह नुकसान हुआ है। उधर, बढ़ते घाटे के कारण कई एयरलाइंस को अपना कामकाज घटाना पड़ा है और कई शहरों से फ्लाइट्स बंद करनी पड़ी हैं। इससे एयरपोर्ट्स पर ट्रैफिक घटा है। भारतीय एयरलाइंस की माली हालत भी ऐसी नहीं दिख रही है कि वे नए एयर रूट्स और जगहों को आजमाने का कदम उठाएं। इस समय देशभर में करीब 70 हवाई अड्डों से फ्लाइट्स अवेलबल हैं। कुछ साल पहले यह संख्या 160 थी। पिछले दशक में नई कंपनियों के आने पर कुछ नए रूट्स खोले गए थे, लेकिन ये उनके लिए फायदे का सौदा नहीं रहे। इसमें शक नहीं है कि एएआई प्रॉफिट में है। हालांकि इसका बड़ा कारण प्राइवेट कर दिए गए हवाई अड्डों में इसके हिस्से के बदले इसे मिलने वाला रेवेन्यू है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।