विमानन नियामक डीजीसीए ने अनिवार्य अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं नहीं देने वाले जेट एयरवेज के 140 पायलटों के लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी दी है। नियामक ने पायलटों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के क्रियान्वयन पर सवाल उठाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। यह नोटिस एयरलाइन के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (सीओओ), ट्रेनिंग चीफ व पायलटों को जारी किए गए हैं। एयरलाइन के प्रशिक्षण कार्यक्रम का ऑडिट करने वाली डीजीसीए की तीन सदस्यीय टीम की रिपोर्ट के आधार पर यह कदम उठाया गया है। नियामक ने नोटिस में पूछा है कि पायलट कुशलता जांच (पीपीसी) टेस्ट पास किए बिना उड़ानें संचालित कर रहे पायलटों के लाइसेंस क्यों न निलंबित किए जाएं। यह टेस्ट हर छह में कराए जाते हैं। पिछले माह ब्रसेल्स-मुंबई रूट पर जेट एयरवेज का एक विमान तुर्की की हवाई सीमा में अचानक हजारों फुट नीचे फिसल जाने की घटना के बाद डीजीसीए ने यह ऑडिट शुरू कराया था। जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने इस मसले पर कहा कि अभी उन्हें नियामक की ऑडिट रिपोर्ट नहीं मिली है और न ही यह बताया गया है कि यह रिपोर्ट कब दी जाएगी। हम मीडिया की अटकलों के आधार पर रिपोर्ट के निष्कर्षो को लेकर टिप्पणी नहीं कर सकते। हमारा मानना है कि हमारा प्रशिक्षण कार्यक्रम डीजीसीए और अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के मानकों पर खरा है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।