एसएंडपी ने भारत की रेटिंग बढ़ाई
(India)

देश में निवेश का माहौल सुधारने में जुटी मोदी सरकार की कोशिशों का असर होता दिख रहा है। विश्व की प्रमुख रेटिंग एजेंसी स्टैंडर्ड एंड पुअर्स ने भारत की संप्रभु साख के दर्जे में सुधार कर दिया है। अभी तो एसएंडपी ने भारत की रेटिंग नकारात्मक से बेहतर कर स्थिर किया है, लेकिन अगर आर्थिक मोर्चे पर सकारात्मक कदम यूं ही उठाए जाते रहे तो रेटिंग को और बेहतर किया जा सकता है। हालांकि रेटिंग एजेंसी ने सरकार को आगे भी सुधार कार्यक्रमों को जारी रखने की चेतावनी भी दी है। दो वर्ष पहले एसएंडपी ने भारत की रेटिंग को स्थिर से घटा कर नकारात्मक कर दिया था। दुनिया की छह प्रमुख रेटिंग एजेंसियों में सिर्फ एसएंडपी ने ही इसे नकारात्मक किया था। उस वक्त संप्रग सरकार के कार्यकाल में देश आर्थिक व राजनीतिक मोर्चे पर जबरदस्त नकारात्मक माहौल में घिरा हुआ था। आर्थिक विकास दर पांच फीसद से भी नीचे जा चुकी थी। चालू खाते का घाटा काफी बढ़ चुका था। विदेशी मुद्रा भंडार लगातार घट रहा था। संप्रग सरकार कोई फैसले नहीं कर पा रही थी। देश में निवेश का माहौल भी खत्म हो चुका था। तत्कालीन सरकार ने इस पर तल्ख प्रतिक्रिया जताई थी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।