(CHHATTISGARH, India)
आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री रमन सिंह की अध्यक्षता में राज्य सरकार के उपक्रम छत्तीसगढ़ इन्फोटेक एवं बायोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और चीनी कम्पनी मेसर्स फोर स्टार के बीच एम.ओ.यू. पर हस्ताक्षर किए गए। एम.ओ.यू. में चिप्स के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सौरभ कुमार और चीनी कम्पनी की ओर से उनके निदेशक डेवी ने हस्ताक्षर किए। अधिकारियों ने बताया कि एम.ओ.यू. के अनुसार चीनी कम्पनी राजधानी रायपुर के नजदीक उरकुरा के औद्योगिक क्षेत्र में कम्प्यूटर टेबलेट, स्मार्ट फोन और लैपटॉप बनाने का उद्योग लगाएगी। यह प्रक्षेत्र छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम (सी.एस.आई.डी.सी.) द्वारा विकसित किया गया है। उरकुरा में सी.एस.आई.डी.सी. द्वारा आई.टी. पार्क बनाया जा रहा है। एम.ओ.यू. के अनुसार चीनी कम्पनी द्वारा 100 करोड़ रुपए का पूंजी निवेश किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह छत्तीसगढ़ में सूचना प्रौद्योगिकी आधारित पहला उद्योग होगा। इसमें हर साल दो सौ लोगों को रोजगार मिलेगा और पांच वर्ष में इनकी संख्या एक हजार हो जाएगी। इसके अलावा एक हजार लोगों को साफ्टवेयर बनाने तथा कम्पनी के उत्पादों की बिक्री और उनके वितरण आदि से संबंधित कार्यों में रोजगार मिलेगा। चीनी कम्पनी के अधिकारियों ने बताया कि कम्पनी द्वारा आई.टी.सेक्टर में छत्तीसगढ़ के युवाओं को कौशल उन्नयन का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुरूआती दौर में कम्पनी हर महीने 75 हजार कम्प्यूटर टेबलेट, स्मार्ट फोन और लैपटॉप का निर्माण करेगी और बाद के वर्षों में उसकी उत्पादन क्षमता लगभग दस लाख यूनिट तक पहुंच जाएगी।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।