इंदौर में BRICS कृषि बैठक शुरू, वैश्विक चुनौतियों पर मंथन
(Indore, Indore) मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में मंगलवार से ब्रिक्स देशों की पांच दिवसीय कृषि बैठक का शुभारंभ हुआ। भारत की अध्यक्षता में आयोजित इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा, जलवायु अनुकूल स्मार्ट कृषि, कृषि व्यापार, डिजिटल तकनीक और किसान कल्याण जैसे वैश्विक मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जा रही है।

11 जून तक चलने वाली कृषि कार्य समूह की बैठक में ब्रिक्स सदस्य देशों के वरिष्ठ अधिकारी भाग ले रहे हैं। उद्घाटन सत्र की अगुवाई भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव अतीश चंद्रा ने की।

बैठक के दौरान खाद्य एवं पोषण सुरक्षा, आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत बनाने, अंतरराष्ट्रीय कृषि व्यापार को सुगम बनाने, डिजिटल कृषि, अनुसंधान, ज्ञान साझा करने, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और रोबोटिक्स जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

अधिकारी स्तर की बैठकों के बाद 12 और 13 जून को ब्रिक्स देशों के कृषि मंत्रियों की बैठक आयोजित होगी। इस दौरान सदस्य देशों के बीच कृषि क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने और साझा चुनौतियों के समाधान पर चर्चा की जाएगी। बैठक के समापन पर एक संयुक्त घोषणा-पत्र जारी किए जाने की भी संभावना है।

ब्रिक्स समूह में वर्तमान में ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, मिस्र, इथियोपिया, ईरान, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और इंडोनेशिया शामिल हैं। यह संगठन वैश्विक आर्थिक और विकास संबंधी मुद्दों पर सहयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

गौरतलब है कि यह सम्मेलन ऐसे समय में हो रहा है जब मध्यप्रदेश सरकार ने वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ घोषित किया है। ऐसे में इंदौर में आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय बैठक कृषि क्षेत्र में नवाचार, तकनीक और टिकाऊ विकास को नई दिशा देने वाली मानी जा रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।