बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स शुरुआती बढ़त गंवाकर 249.70 अंक यानी 0.33 फीसदी टूटकर 76,478.67 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 398.98 अंक तक लुढ़ककर 76,329.39 के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई का निफ्टी 80.50 अंक यानी 0.34 फीसदी गिरकर 23,865.75 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स में सबसे अधिक गिरावट आईटी शेयरों में देखने को मिली। इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS), एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईटीसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। दूसरी ओर मारुति सुजुकी, टाइटन, बजाज फाइनेंस, एटरनल लिमिटेड और अडाणी पोर्ट्स के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने सोमवार को 1,350.10 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की, जिससे बाजार पर अतिरिक्त दबाव बना। वहीं, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.23 फीसदी बढ़कर 73.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
बाजार विशेषज्ञ शरद कोहली के मुताबिक, निफ्टी 24,000 के स्तर के ऊपर टिकने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि मध्य-पूर्व में युद्धविराम के बावजूद तनाव पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और इसी वजह से निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है। हालांकि, मासिक एक्सपायरी के कारण लॉन्ग कॉन्ट्रैक्ट्स की सेटलमेंट भी बाजार की कमजोरी की एक वजह रही।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई-225 और चीन का शंघाई एसएसई कंपोजिट बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहा। यूरोपीय बाजार सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करते दिखे। वहीं, सोमवार को अमेरिकी बाजारों में अच्छी तेजी रही थी, जहां नैस्डैक कंपोजिट 2.07 फीसदी और एसएंडपी 500 इंडेक्स 1.18 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।