प्रशासन ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों पर बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस, पर्यटन विभाग, नगर निगम और अन्य एजेंसियां मिलकर यात्रा के संचालन में जुटी हैं।
यात्रियों ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस बार सुरक्षा और सुविधाएं पहले से बेहतर हैं। कई श्रद्धालुओं ने इसे "बाबा का बुलावा" बताते हुए दर्शन को अपना सौभाग्य बताया। उनका कहना है कि यात्रा को लेकर उत्साह चरम पर है और वे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए बेहद उत्साहित हैं।
जम्मू से सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि सभी विभागों ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तैयारी की है। वहीं जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील कुमार शर्मा ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि इस वर्ष की यात्रा भव्य और सफल होगी।
उधर, अनंतनाग जिले के नुनवान आधार शिविर में भी तीर्थयात्रियों को लेकर सैकड़ों वाहन लगातार पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि घाटी में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत है और वे बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए बेहद उत्साहित हैं।
पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। यात्रा मार्गों, संवेदनशील स्थानों और प्रमुख पड़ावों पर सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। 57 दिनों तक चलने वाली श्री अमरनाथ यात्रा आधिकारिक तौर पर 3 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगी। श्रद्धालु पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से पवित्र गुफा तक पहुंचेंगे।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।