उत्तरकाशी में यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-134) पर जानकीचट्टी के पास पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से यातायात बाधित हो गया। इसके अलावा पालीगाड, दुर्बिल, बढ़ियार और हनुमानचट्टी के आसपास भी मलबा आने से मार्ग प्रभावित हुआ है। रास्तों को खोलने के लिए मशीनें लगाई गई हैं।
रुद्रप्रयाग में केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर भूस्खलन के बाद सुरक्षा को देखते हुए श्रद्धालुओं को सोनप्रयाग से आगे जाने से रोक दिया गया है। वहीं चमोली में बदरीनाथ हाईवे कई स्थानों पर मलबा आने से प्रभावित है। पोखरी-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग भी गुनियाला खाल के पास बंद हो गया है।
मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं उत्तरकाशी, देहरादून, चमोली, पौड़ी, टिहरी और ऊधम सिंह नगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट है। इन क्षेत्रों में तेज गर्जना, आकाशीय बिजली और कुछ स्थानों पर बेहद तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है।
खराब मौसम और भारी बारिश के खतरे को देखते हुए बागेश्वर और रुद्रप्रयाग में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। प्रशासन ने पहाड़ी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में लोगों और यात्रियों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।