छत्रपति शिवाजी महाराज की स्मृतियों के संरक्षण पर यूपी-महाराष्ट्र साथ, योगेंद्र उपाध्याय ने की अहम बैठक
(India) उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार से मुंबई में मुलाकात कर छत्रपति शिवाजी महाराज से जुड़े ऐतिहासिक स्थल आगरा की कोठी मीना बाजार के संरक्षण और विकास पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि ऐतिहासिक शोध और राजस्व अभिलेखों के अध्ययन से यह तथ्य सामने आया है कि मिर्जा राजा जयसिंह के पुत्र रामसिंह के आवासीय परिसर, यानी वर्तमान कोठी मीना बाजार, में औरंगजेब ने छलपूर्वक छत्रपति शिवाजी महाराज और उनके पुत्र को नजरबंद किया था। उन्होंने कहा कि यहीं से शिवाजी महाराज ने अपनी अद्भुत रणनीति और साहस के बल पर निकलकर इतिहास में वीरता का नया अध्याय लिखा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 से इतिहासकारों के सहयोग से इस स्थल की ऐतिहासिक पहचान स्थापित करने के लिए लगातार शोध किया गया, जिसके आधार पर इस स्थान के महत्व की पुष्टि हुई है।

योगेंद्र उपाध्याय ने महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार को आगरा आने का आमंत्रण देते हुए इस ऐतिहासिक स्थल का निरीक्षण करने का आग्रह किया, ताकि उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से यहां एक भव्य स्मारक विकसित किया जा सके।

बैठक में दोनों नेताओं ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और ऐतिहासिक धरोहरों के संवर्धन पर भी चर्चा की। इस अवसर पर महाराष्ट्र के वरिष्ठ नेता सुनील सिंह भी मौजूद रहे। आशीष शेलार ने योगेंद्र उपाध्याय को हाल ही में यूनेस्को विश्व धरोहर का दर्जा प्राप्त 12 ऐतिहासिक किलों पर आधारित पुस्तक भी भेंट की।

उच्च शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि दोनों राज्यों के समन्वय से आगरा स्थित यह ऐतिहासिक स्थल राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान हासिल करेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति, शौर्य और सांस्कृतिक एकता की प्रेरणा देगा।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।