15 अगस्त से पहले दिल्ली में बम धमकियों से हड़कंप, IGI एयरपोर्ट और हाईकोर्ट समेत कई जगहों पर अलर्ट
(India) स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले राजधानी दिल्ली में कई जगहों पर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3, दिल्ली हाईकोर्ट समेत कई अहम स्थानों पर धमकी भरी कॉल और ईमेल मिलने के बाद पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत मोर्चा संभाला।

जानकारी के मुताबिक, जामा नगर हाउस, झंडेवालान बिल्डिंग, MB साकेत ऑफिस, DM ऑफिस, IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 और दिल्ली कैंटोनमेंट क्षेत्र में SDM ऑफिस समेत कई जगहों पर बम धमकी की सूचना मिली।धमकी की जानकारी मिलते ही संबंधित स्थानों को सुरक्षित किया गया और बम निरोधक दस्ते ने तलाशी अभियान शुरू किया। दिल्ली दमकल विभाग के मुताबिक, सभी जगहों पर गहन जांच की गई, लेकिन अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।

दिल्ली हाईकोर्ट को ईमेल से मिली धमकी

दिल्ली हाईकोर्ट को भी ईमेल के जरिए बम धमकी मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने तुरंत दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से संपर्क किया।

हाईकोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई और बम स्क्वॉड के साथ स्निफर डॉग्स की मदद से पूरे इलाके की जांच की गई।दिल्ली हाईकोर्ट के जॉइंट सेक्रेटरी एडवोकेट कुणाल ने कहा कि शुरुआती जांच में धमकी फर्जी लग रही है। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा एजेंसियां लगातार जांच कर रही हैं।

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए दिल्ली में पहले से ही सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। लाल किला समेत राजधानी के प्रमुख इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षाबल तैनात हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां धमकी देने वालों की पहचान करने में जुटी हैं।

दिल्ली में पिछले कुछ महीनों में स्कूलों, अदालतों और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों को बम से उड़ाने की कई धमकियां मिल चुकी हैं।हालांकि, हर बार सुरक्षा एजेंसियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच की, लेकिन तलाशी अभियान के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।फिलहाल दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और सभी संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।


DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।