यूपी में 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के महाअभियान की पूर्णाहुति, CM योगी बोले- युवा शक्ति प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) उत्तर प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ महाअभियान के तहत करीब 5 करोड़ घरों में तिरंगा फहराने के संकल्प की आज पूर्णाहुति हुई। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अभियान में भागीदारी करने वाले प्रदेशवासियों को बधाई दी और युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और संकल्प को राष्ट्रनिर्माण के बड़े लक्ष्य से जोड़ने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए संकल्प जरूरी है। जब संकल्प मजबूत होता है तो असंभव दिखने वाले लक्ष्य भी पूरे किए जा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उनकी ऊर्जा केवल उनके अपने भविष्य को बेहतर बनाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसका उपयोग समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत करने में भी होना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि किशोरावस्था और युवावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और स्वर्णिम दौर होता है। इसी समय व्यक्तित्व का निर्माण होता है और कुछ बड़ा कर गुजरने की इच्छा पैदा होती है।

उन्होंने कहा कि भारत का इतिहास ऐसे युवाओं के उदाहरणों से भरा हुआ है, जिन्होंने कम उम्र में देश और समाज के लिए बड़े कार्य किए। आदि शंकराचार्य ने अल्पायु में भारत की आध्यात्मिक चेतना को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया, जबकि स्वामी विवेकानंद ने युवावस्था में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक शक्ति का संदेश पूरी दुनिया तक पहुंचाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उम्र छोटी हो सकती है, लेकिन संकल्प और सामर्थ्य बड़ा होना चाहिए। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन का उदाहरण देते हुए बताया कि वह 26 वर्ष की उम्र में पहली बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे।

सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं को आगे बढ़ने के लिए हरसंभव अवसर उपलब्ध करा रही है। पिछले साढ़े नौ वर्षों में शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के क्षेत्र में युवाओं के लिए कई अवसर तैयार किए गए हैं।उन्होंने खेलों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में युवाओं को खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपनी व्यक्तिगत उपलब्धियों को राष्ट्रनिर्माण के व्यापक उद्देश्य से जोड़ें।सीएम योगी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल राष्ट्रीय उत्सव का अवसर नहीं है, बल्कि यह उन वीर शहीदों के संकल्प, संघर्ष और बलिदान को याद करने का दिन भी है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।उन्होंने बाबू बंधू सिंह, खुदीराम बोस और राजेंद्र नाथ लाहिड़ी जैसे क्रांतिकारियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इन वीरों ने युवावस्था में ही राष्ट्र के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
मुख्यमंत्री ने ठाकुर रोशन सिंह और राम प्रसाद ‘बिस्मिल’ जैसे स्वतंत्रता सेनानियों से भी युवाओं को प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से तिरंगे के शौर्य, शांति और समृद्धि के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को जाति-पाति और अन्य संकीर्ण विभाजनों से ऊपर उठकर एकता और सामाजिक समरसता का रास्ता चुनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, अनुशासन और मजबूत संकल्प के बल पर उत्तर प्रदेश को विकसित प्रदेश बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी शक्ति को सही दिशा देकर प्रदेश के विकास को नई गति दी जा सकती है।


DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।