BJP की नई टीम में यूपी का दबदबा, 8 नेताओं को जगह.. सबसे ज्यादा 3 महिला चेहरे भी यूपी से
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार दोपहर 3 बजे पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। नई टीम में उत्तर प्रदेश का खासा दबदबा देखने को मिला है। प्रदेश के 8 नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी गई है। इसमें क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का खास ध्यान रखा गया है।

उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राष्ट्रीय टीम में यूपी के नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारियों को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

यूपी से सबसे ज्यादा 3 महिला नेताओं को जगह

नितिन नवीन की नई टीम में कुल 12 महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश की स्मृति ईरानी, रेखा वर्मा और संगीता यादव शामिल हैं।स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री, रेखा वर्मा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।एक ही राज्य से तीन महिलाओं को राष्ट्रीय संगठन में जगह मिलना यूपी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। महाराष्ट्र से दो महिलाओं को जिम्मेदारी मिली है, जबकि अन्य राज्यों से एक-एक महिला को टीम में शामिल किया गया है।

पसमांदा मुस्लिम समाज से दो चेहरे

नई टीम में पसमांदा मुस्लिम वर्ग को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसमें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो. तारिक मंसूर और बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर बासित अली शामिल हैं।

तारिक मंसूर को दोबारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं कुंवर बासित अली को राष्ट्रीय संगठन में जगह देकर उनका प्रमोशन किया गया है। इससे पहले वह यूपी बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।इसके अलावा OBC मोर्चे की जिम्मेदारी भी यूपी के नेता के पास है। इससे पार्टी के सामाजिक समीकरण में पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग को साधने की रणनीति के संकेत मिलते हैं।

बीजेपी की नई टीम में उत्तर प्रदेश से शामिल नेताओं के सामाजिक प्रतिनिधित्व पर भी ध्यान दिया गया है।सामान्य वर्ग से ब्राह्मण और पारसी समुदाय का प्रतिनिधित्व है। इसके अलावा एक SC नेता और तीन OBC नेताओं को जगह मिली है। OBC प्रतिनिधित्व में यादव, कुर्मी और मौर्य समुदाय शामिल हैं।इस तरह पार्टी ने राष्ट्रीय संगठन में यूपी के जरिए अलग-अलग सामाजिक समूहों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की है।

पूर्वांचल से पश्चिमी यूपी तक संतुलन

बीजेपी ने यूपी के अलग-अलग क्षेत्रों को भी राष्ट्रीय संगठन में प्रतिनिधित्व दिया है।पूर्वांचल से संगीता यादव, हरीश द्विवेदी और अमरपाल मौर्य को जगह मिली है। वहीं पश्चिमी यूपी से प्रो. तारिक मंसूर, कुंवर बासित अली और भोला सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।इसके अलावा रूहेलखंड से रेखा वर्मा और यूपी मध्य क्षेत्र से स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका मिली है।इस क्षेत्रीय संतुलन को पार्टी की संगठनात्मक और चुनावी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

हरीश द्विवेदी और रेखा वर्मा को दोबारा जिम्मेदारी

नई टीम में हरीश द्विवेदी और रेखा वर्मा को फिर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इसे संगठन में अनुभवी चेहरों को बनाए रखने और नए नेतृत्व को आगे बढ़ाने के बीच संतुलन की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।बीजेपी ने नई टीम में जहां नए चेहरों को मौका दिया है, वहीं पुराने संगठनात्मक अनुभव वाले नेताओं पर भी भरोसा कायम रखा है।

उत्तर प्रदेश बीजेपी के लिए सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में से एक है। राज्य में 403 विधानसभा सीटें हैं, जो देश में सबसे ज्यादा हैं। वहीं लोकसभा में यूपी की 80 सीटें हैं।2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राष्ट्रीय संगठन में यूपी के नेताओं की मौजूदगी का असर पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति पर पड़ सकता है।

बीजेपी के लिए यूपी में संगठन को मजबूत रखना इसलिए भी जरूरी है क्योंकि राज्य के चुनावी नतीजों का राष्ट्रीय राजनीति पर बड़ा प्रभाव पड़ता है।नितिन नवीन की नई टीम में यूपी को मिले प्रतिनिधित्व को केवल संख्या के तौर पर नहीं, बल्कि सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन के लिहाज से भी देखा जा रहा है।

महिला, OBC, SC और अल्पसंख्यक वर्ग के साथ-साथ पूर्वांचल, पश्चिमी यूपी, रूहेलखंड और मध्य यूपी को प्रतिनिधित्व देकर बीजेपी ने 2027 से पहले संगठनात्मक स्तर पर व्यापक संदेश देने की कोशिश की है।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।