सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को मध्य प्रदेश सरकार के साथ समन्वय बनाकर मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाने और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मृतकों के शवों को सम्मानपूर्वक उनके परिवारों तक पहुंचाया जाए और घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा भिंड जिले के गोहद क्षेत्र में छीमका गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-719 पर रात करीब 1 बजे हुआ।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर बैठे गायों के झुंड को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद पिकअप सामने से आ रहे डंपर से जा टकराई।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे मजदूरों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप में सवार सभी मजदूर उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के रहने वाले थे।ये मजदूर ग्वालियर क्षेत्र में धान की रोपाई का काम करने के लिए गए थे। काम पूरा होने के बाद सभी मजदूर पिकअप से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।हादसे की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पिकअप में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।अस्पताल में डॉक्टरों ने 8 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है।प्रशासन ने मृतकों की पहचान और परिजनों से संपर्क की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शवों को मोर्चरी में रखा गया है।वहीं, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश प्रशासन के बीच समन्वय के बाद मृतकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद भेजने की तैयारी की जा रही है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।