बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम के सभी छह अंतरों के गायन के साथ हुई। इसके बाद पार्टी की आगामी रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। नितिन नवीन शनिवार दोपहर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे।
नितिन नवीन ने भाजपा अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया था। नई टीम में 51 नए चेहरों को शामिल किया गया है। टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव बनाए गए हैं।
नई राष्ट्रीय टीम में अगले साल विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी जगह दी गई है। इनमें उत्तर प्रदेश के 8, उत्तराखंड के 4, गुजरात के 4 और पंजाब के 2 नेता शामिल हैं। इससे आगामी चुनावों वाले राज्यों में संगठन को मजबूत करने और स्थानीय स्तर पर पार्टी की तैयारियों को गति देने का संकेत मिलता है।
नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। इसके अलावा वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को भाजपा आईटी सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में 12 महिलाओं को भी शामिल किया गया है। वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। नई टीम में सबसे ज्यादा महिला प्रतिनिधित्व उत्तर प्रदेश से है, जहां से तीन महिलाएं शामिल हैं। महाराष्ट्र से दो महिलाएं हैं, जबकि अन्य राज्यों से एक-एक महिला को जगह मिली है।
भाजपा की नई टीम की पहली बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।