पुलिस अधीक्षक डॉ. इराज राजा के अनुसार, कारोबारी विनीत राय की 29 मई को हुई हत्या के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि कमलेश कुरथा गांव स्थित पवहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है।
सूचना के आधार पर पुलिस और स्वाट टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया।
घायल बदमाश की पहचान कमलेश बिंद के रूप में हुई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान स्वाट टीम के प्रभारी और सब-इंस्पेक्टर रोहित मिश्रा भी गोली लगने से घायल हो गए। उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस ने मौके से एक अवैध .32 बोर की पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक, कमलेश के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, अपहरण, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत सात आपराधिक मामले दर्ज थे।
जांच के अनुसार, 29 मई की रात होटल संचालक विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि एक करोड़ रुपये की रंगदारी नहीं देने पर इस वारदात को अंजाम दिया गया। हमलावर दो मोटरसाइकिलों पर आए थे और होटल परिसर के बाहर कारोबारी पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी थीं।
इस मामले में मुख्य आरोपी शंकर पांडे समेत सोनू यादव और मोनू त्रिपाठी अब भी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।