नोएडा हाईराइज सोसाइटी में आग, 12वीं मंजिल से उठीं ऊंची लपटें
(UTTARPRADESH, UTTARPRADESH) नोएडा सेक्टर-75 की एक हाईराइज रिहायशी सोसाइटी में शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे भीषण आग लग गई। आग आईवीवाय काउंटी सोसाइटी की 28 मंजिला इमारत के 12वें फ्लोर के एक फ्लैट में लगी।

आग लगते ही फ्लैट से तेज लपटें और काला धुआं उठने लगा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सोसाइटी में रहने वाले लोग घबराकर सीढ़ियों के जरिए इमारत से बाहर भागने लगे।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। आग 12वीं मंजिल पर होने के कारण शुरुआती प्रयासों में पानी पहुंचाने में दिक्कत आई।

इसके बाद हाइड्रोलिक क्रेन की मदद ली गई और बिल्डिंग के फायर सेफ्टी सिस्टम का उपयोग किया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

एहतियात के तौर पर पूरी बिल्डिंग को खाली कराया गया और आसपास की अन्य इमारतों को भी सुरक्षित रूप से खाली कराया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

इसी बीच, नोएडा सेक्टर-52 स्थित ई3 शताब्दी विहार के एक पीजी आवास में भी आग लगने की घटना सामने आई। बताया गया कि ग्राउंड फ्लोर पर स्थित रेस्टोरेंट के फ्रीजर में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।

इस घटना में ऊपरी मंजिलों पर रह रहे करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और आग पर समय रहते काबू पा लिया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।