तेज प्रताप ने पीए पर लगाया 20 लाख और कीमती सामान चोरी का आरोप, पत्नी बोली- पति लापता
(BIHAR, BIHAR) बिहार में जन जनवादी पार्टी (जेजेडी) के संस्थापक तेज प्रताप यादव ने अपने निजी सहायक (पीए) मोतीलाल राय के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया है। तेज प्रताप का आरोप है कि उनके पटना स्थित सरकारी आवास से पार्टी फंड के 20 लाख रुपये नकद, सोने के आभूषण, मैकबुक, लैपटॉप, आईपैड, चार आईफोन 17 प्रो मैक्स, हार्ड डिस्क और पेन ड्राइव चोरी कर लिए गए। घटना सोमवार देर रात हार्डिंग रोड स्थित आवास संख्या-42 की बताई गई है।

शिकायत में तेज प्रताप ने कहा कि उनके चालक अनिल यादव और सहयोगी विशाल ने मोतीलाल राय को बैग लेकर आवास की दीवार फांदकर भागते हुए देखा। दोनों को प्रत्यक्षदर्शी बताया गया है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

दूसरी ओर, आरोपी पीए मोतीलाल राय की पत्नी प्रीति भारती ने पति के लापता होने की शिकायत दर्ज कराते हुए उनकी सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि सोमवार रात करीब 8 बजे उनकी आखिरी बार वीडियो कॉल तेज प्रताप यादव के फोन से हुई थी। इसके बाद से उनके पति का कोई पता नहीं है। उन्होंने सरकार से पति की सुरक्षित बरामदगी की अपील की है।

फिलहाल पुलिस चोरी के आरोप और पीए के लापता होने, दोनों मामलों की जांच कर रही है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।