कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर देता है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
उन्होंने कहा कि आजादी के अमृतकाल में सभी की जिम्मेदारी है कि देश और प्रदेश के विकास में अपना पूर्ण योगदान दें। देश के निर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वोपरि है। युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और डिजिटल क्षमता ही विकसित भारत की नींव है। उन्होंने युवाओं से निष्ठा, ईमानदारी और देशभक्ति के साथ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी करने की अपील की।
सूचना निदेशक ने विभागीय कार्मिकों को देश और प्रदेश के प्रति निष्ठा एवं ईमानदारी से कर्तव्य निर्वहन करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग सरकार और जनता के बीच सेतु का काम करता है। इसलिए विभाग की जिम्मेदारी है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पारदर्शिता और सत्यनिष्ठा के साथ आमजन तक पहुंचाई जाए।
इस अवसर पर सूचना विभाग के अपर निदेशक अरविंद कुमार मिश्र ने भी कर्मचारियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को अपने कार्य और व्यवहार का ध्यान रखना चाहिए, ताकि किसी को परेशानी न हो।
उन्होंने कार्मिकों से संकल्प लेकर अपने कार्य को बेहतर तरीके से करने और आने वाली पीढ़ी के लिए ऐसा योगदान देने की अपील की, जिस पर उन्हें गर्व महसूस हो।
कार्यक्रम में सूचना विभाग के समस्त अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।