गोरखपुर में राप्ती नदी में डूब रहे युवक के लिए फरिश्ता बने PAC जवान, मोटरबोट से किया रेस्क्यू
(Bansgaon, Gorakhpur) गोरखपुर में राप्ती नदी में डूब रहे एक युवक के लिए 26वीं वाहिनी PAC के जवान फरिश्ता बनकर पहुंचे। बाढ़ राहत प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने युवक को गहरे पानी में डूबता देखा और बिना देर किए मोटरबोट से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। जवानों की तत्परता और सूझबूझ से युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया।

घटना नौसढ़ स्थित रामघाट की है। संतकबीरनगर के धनघटा निवासी उमेश कुमार ने शाम करीब छह बजे राप्ती नदी में छलांग लगा दी थी। देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूबने लगा। उस समय रामघाट पर 26वीं वाहिनी PAC का बाढ़ राहत दल प्रशिक्षण और ड्यूटी पर तैनात था।

डूबते युवक को देख तुरंत नदी में उतरे जवान

युवक को डूबता देख हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद ने तत्काल मोर्चा संभाला। उनके नेतृत्व में बाढ़ राहत दल मोटरबोट लेकर नदी में उतरा और युवक की तलाश शुरू की।

जवानों ने बेहद कम समय में युवक को सुरक्षित खोज निकाला और उसे नदी से बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद युवक को आवश्यक कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।

बाढ़ राहत प्रशिक्षण के दौरान हुआ रेस्क्यू

उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति को देखते हुए योगी सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए प्रशासन को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत संवेदनशील क्षेत्रों में राहत दलों की तैनाती, मोटरबोट समेत जरूरी संसाधनों की उपलब्धता और जवानों को लगातार बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

इसी प्रशिक्षण का फायदा उस समय देखने को मिला, जब जवानों ने अपनी तैयारी और तत्परता से युवक की जान बचा ली।

इस साहसिक रेस्क्यू अभियान में हेड कांस्टेबल महात्म प्रसाद के साथ कांस्टेबल संजय कुमार गौतम, कृष्णचंद मौर्य, रमेश यादव, मनोज शुक्ला, जितेंद्र कुमार, रवि गौतम और धीरेंद्र गोंड शामिल रहे। बचाव दल की तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की दलनायक और थाना राजघाट प्रभारी ने भी सराहना की।

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।