मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापानी निवेशकों से उत्तर प्रदेश में निवेश करने और अपनी औद्योगिक एवं कारोबारी गतिविधियों का विस्तार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निवेश करने वाले उद्यमियों और कंपनियों को सरकार की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि निवेशकों को किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
सीएम योगी ने कहा कि इन्वेस्टमेंट मीट को लेकर प्रमुख उद्योगपतियों और सीईओज ने जिस तरह की उत्सुकता दिखाई है, वह उत्साहजनक है। निवेशकों की ओर से दिए गए सुझावों और अपेक्षाओं को प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निवेशकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और प्रदेश में निवेश अनुकूल वातावरण को और मजबूत किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास बड़ी संख्या में युवा मैनपावर है। सरकार युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुरूप स्किलिंग और अपस्किलिंग के अवसर उपलब्ध करा रही है। इससे निवेशकों को प्रशिक्षित और सक्षम मानव संसाधन उपलब्ध होगा। प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टिविटी, स्किल्ड मैनपावर और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को लगातार मजबूत किया जा रहा है, जिसका सीधा लाभ निवेश करने वाली कंपनियों को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने पर सरकार का विशेष जोर है। सरकार की पूरी टीम निवेशकों के साथ खड़ी है और किसी भी प्रकार की समस्या आने पर उसके समाधान के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं करती, बल्कि जो कहती है उसे जमीन पर उतारने का काम करती है। पिछले नौ वर्षों में कानून-व्यवस्था, कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर, औद्योगिक वातावरण और निवेश अनुकूल नीतियों के क्षेत्र में हुए बदलाव प्रदेश की नई तस्वीर पेश करते हैं।
मुख्यमंत्री ने यूपी-जापान इन्वेस्टमेंट मीट को प्रदेश के औद्योगिक विकास और निवेश के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद से सरकार को उद्योग जगत की अपेक्षाओं और जरूरतों को समझने का अवसर मिलता है, वहीं निवेशकों को उत्तर प्रदेश में उपलब्ध संभावनाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है।
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि प्रमुख उद्योग समूहों की उत्तर प्रदेश में बढ़ती रुचि से प्रदेश में नए निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी। उन्होंने निवेशकों से उत्तर प्रदेश की विकास यात्रा में सहभागी बनने और प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।