पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, गणेश प्रतिमा लालबाग से भुलेश्वर लाई जा रही थी। पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया। इससे मूर्ति का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे की तरफ लोगों पर गिर गई। हादसे के बाद प्रतिमा तीन टुकड़ों में टूट गई। फायर ब्रिगेड, पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और BMC की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव शुरू किया।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है।
हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हुई। संकेत नेवशे भुलेश्वरचा राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष थे। घायलों में वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) शामिल हैं। सभी की हालत स्थिर बताई गई है।
यह हादसा आगमन समारोह के दौरान हुआ। मुंबई में गणेश प्रतिमा की स्थापना से पहले कई गणेश मंडल आगमन समारोह आयोजित करते हैं और जुलूस के जरिए प्रतिमाओं को पंडाल तक ले जाया जाता है। इन जुलूसों में ढोल-ताशे, संगीत और सजावट के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
हादसे को लेकर यह दावा भी किया जा रहा है कि प्रतिमा को फैक्ट्री से बाहर ले जाने से पहले नट-बोल्ट में खराबी सामने आई थी। इसे रिपेयर करने के बाद प्रतिमा को जुलूस के लिए रवाना किया गया था। हालांकि, इस दावे की पुष्टि पुलिस जांच से होनी बाकी है।
घटना के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम ने तीन हिस्सों में बंटी प्रतिमा को डंपर पर रखा। बाद में उसे गिरगांव चौपाटी के समुद्र में विसर्जित कर दिया गया।
महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल हैं, लेकिन करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है। पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान है।
मुंबई में पंडाल की अनुमति के लिए ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इसमें BMC के साथ स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की NOC भी ऑनलाइन मिल सकेगी। आवेदन 13 सितंबर तक किए जा सकते हैं।
इस साल मुंबई के बड़े गणेश मंडलों ने अलग-अलग थीम की तैयारी की है। अंधेरीचा राजा में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जा रही है, जबकि कुछ पंडालों ने सुपरहीरो जैसी थीम चुनी है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।