कोल इंडिया के कर्मचारियों की हड़ताल शुरू
(India)

देश की सबसे बड़ी कोयला कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआइएल) के कर्मचारियों के हड़ताल के पहले दिन मंगलवार को ही बिजली कंपनियों को कोयला की दिक्कत होने की खबरें आनी शुरू हो गई हैं। पंजाब, झारखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र समेत देश के कई राज्यों में स्थित लगभग 60 ताप बिजली घरों को इस हड़ताल की वजह से कोयले की कमी का सामना करना पड़ सकता है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोयला व बिजली मंत्री पीयूष गोयल ने बुधवार को फिर से कोयला यूनियनों को उनकी मांगों पर विचार करने के लिए बुलाया है। मंगलवार देर रात कोयला सचिव और हड़ताली यूनियनों के बीच वार्ता बेनतीजा रही। उधर, बैंक कर्मचारियों के यूनियन ने 07 जनवरी, 2015 को बुलाई गई एक दिन के हड़ताल को फिलहाल टाल दी है। बैंक कर्मियों की यूनियनों के फोरम यूएफबीयू की तरफ से बताया गया है कि भारतीय बैंक संघ (आइबीए) कर्मचारियों के वेतन में 12.5 फीसद बढ़ोतरी को राजी है। अभी तक आइबीए 11 फीसद वेतन बढ़ोतरी की बात कर रहा था। लेकिन 21 से 24 जनवरी और 16 मार्च से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के बारे निर्णय यूएफबीयू और आइबीए के बीच होने वाली बैठकों के बाद किया जाएगा। दोनों पक्षों के बीच बुधवार को फिर बैठक होने वाली है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।