ऑनलाइन मिलेगी भारी सामानों को ढ़ोने की मंजूरी
(India)

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नए मोटर वाहन एक्ट (सड़क परिवहन एवं संरक्षा विधेयक 2014) के संसद के बजट सत्र में पारित होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि एक्ट पारित होने के साथ ही सड़क हादसों और परिवहन क्षेत्र में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। आने वाले दिनों में यह एक्ट भारतीय परिवहन क्षेत्र का पूरा चेहरा बदल देगा। गडकरी यहां विशाल आकार के और अत्यधिक वजनी सामानों (ओवरडायमेंशनल एंड ओवरवेट कारगो) की आवाजाही की ऑनलाइन अनुमति देने के लिए तैयार पोर्टल लांच कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल के लांच होने से भारी और अनियमित आकार के औद्योगिक सामानों की ढुलाई के रास्ते की बड़ी बाधा दूर हो गई है। इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को बड़ी मदद मिलेगी। अब तक भारत में बड़े उद्योगों को भारी सामान एक जगह से दूसरी जगह लाने-ले जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ता था।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।