सरकार पर एयर इंडिया का छह सौ करोड़ बकाया
(India)
ऐसे समय जब कर्ज में डूबा एयर इंडिया आर्थिक तंगी से जूझ रहा है, सरकार ने भी उसके करीब छह सौ करोड़ रुपये चुकता नहीं किए हैं। यह धन वीवीआइपी को विमान से ले जाने-लाने का खर्चा है। एयर इंडिया पर इस समय करीब 40 हजार करोड़ रुपये का कर्जा है। एयर इंडिया के विमान का उपयोग राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री और गृह मंत्री सहित अन्य वीवीआइपी करते हैं। नागरिक विमानन मंत्रालय ने वीवीआइपी की यात्राओं को लेकर एयर इंडिया के बकाए के मामले को कई मंत्रालयों के समक्ष उठाया है। एक सूत्र ने बताया, सरकार को एयर इंडिया को 500-600 करोड़ रुपये अदा करने हैं। यह धन विमान से वीवीआइपी की यात्राओं के लिए एयर इंडिया को दिया जाना था। एक अधिकारी ने कहा कि गत 31 मार्च तक गृह, विदेश और रक्षा मंत्रालय के अलावा प्रमुख मंत्रालयों पर एयर इंडिया का 500-600 करोड़ रुपये बकाया है। वीवीआइपी की यात्राओं के लिए एयर इंडिया अपने बेड़े में पांच डबल-डेक बोइंग 747-400 विमान रखता है। उल्लेखनीय है कि 2012 में राष्ट्रीय विमानन कंपनी एयर इंडिया का अस्तित्व बचाने को बेलआउट पैकेज जारी किया गया था।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER:

इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।